जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेडिट कार्ड ठगी का नया तरीका अपनाकर लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधी गिरफ्तार
pbm Digital News Network
जामताड़ा | 07 सितंबर 2026स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बंद हो गया है और नया कार्ड बनवाना है—इस बहाने लोगों को फोन करके उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाना, फिर क्रेडिट कार्ड की पूरी गोपनीय जानकारी चुराकर ठगी करना। जामताड़ा के इस साइबर अपराधी का यही तरीका था।पुलिस अधीक्षक श्री शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटाँड़ थाना क्षेत्र में छापामारी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।छापामारी दल का नेतृत्व पु०नि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल ने किया। उनके साथ पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता और पु०अ०नि० हीरालाल महतो शामिल थे। टीम ने ग्राम सकलपुर से बरमुण्डी जाने वाले रास्ते पर भेलवाटाँड़ स्थित पोखर के पास ट्रांसफार्मर पोल के बगल में बाँस झुड़ में छापा मारा।इस कार्रवाई में मेहताब अंसारी (आयु 27 वर्ष, पिता स्वर्गीय मुख्तार अंसारी, ग्राम बरमुण्डी, थाना करमाटाँड़, जिला जामताड़ा) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 4 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड बरामद किए गए। आरोपी का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।इस मामले में साइबर अपराध थाना जामताड़ा में कांड संख्या 55/26 दिनांक 06.09.2026 दर्ज किया गया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराएँ 318(4)/319(2)/336(3)/338/340(2), आईटी एक्ट की धारा 66(B)(C)(D) और टेलीकम्युनिकेशन्स एक्ट 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत मामला दर्ज किया गया है।जामताड़ा पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अज्ञात कॉल या संदेश पर कोई भी ऐप डाउनलोड न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।“जामताड़ा पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर”— pbm Digital News Network
Continue With Google
Comments (0)