जामताड़ा की बेटी श्रेय श्री राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में करेंगी झारखंड का प्रतिनिधित्व

दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 23 से 29 अक्टूबर तक आयोजित हो रही 70वीं राष्ट्रीय स्कूली गतका प्रतियोगिता में अंडर-17 बालिका वर्ग में दिखाएंगी दमखमजामताड़ा | PBM Digital News Networkजामताड़ा की होनहार गतका खिलाड़ी श्रेय श्री 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 23 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। श्रेय श्री का चयन अंडर-17 बालिका वर्ग में हुआ है। वे झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत राज्य की टीम में शामिल हैं।श्रेय श्री जामताड़ा के सेंट जोसेफ स्कूल, श्रीरामपुर की नौवीं कक्षा की छात्रा हैं और सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एकेडमी से जुड़ी हुई हैं। उनका चयन अगस्त माह में रांची के खेलगांव में आयोजित खेलो झारखंड एसजीएफआई की खुली चयन प्रक्रिया के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था।जामताड़ा जिला गतका एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक दीपक दुबे ने श्रेय श्री को प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताते हुए कहा कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से गतका जैसे मार्शल आर्ट खेल में राष्ट्रीय स्तर पर जामताड़ा और झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी श्रेय श्री राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगी।जामताड़ा के पांडेयडीह की निवासी श्रेय श्री के पिता मधुसूदन दास पेशे से पारा शिक्षक हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और खेल जगत में खुशी का माहौल है।श्रेय श्री की उपलब्धि पर सेंट जोसेफ स्कूल, श्रीरामपुर के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में राहुल सिंह, सूरज पासवान, भास्कर चांद, अमित राय, परिणीता सिंह, राजकुमार वर्मा, मयंक पांडे, सुनील सिंह, विपिन दुबे, पूजा गुप्ता और मधुसूदन दास शामिल हैं।राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रहीं श्रेय श्री से इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उनकी उपलब्धि जामताड़ा की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।