बड़ी खबर: देशव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर CLW रेलकर्मियों के समय पूर्व वेतन भुगतान की मांग

PBM Digital News Network
चित्तरंजन (पश्चिम बर्धमान)आगामी 28 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक बैंक कर्मचारी यूनियनों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के मद्देनजर चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) के कर्मचारियों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। इस स्थिति को देखते हुए, चित्तरंजन रेलवेमेंस कांग्रेस (CRMC) ने समय पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर प्रशासन से औपचारिक अनुरोध किया है।CRMC के महासचिव इंद्रजीत सिंह ने 23 सितंबर 2026 को सहायक कार्मिक अधिकारी (APO, Bill & School), CLW/चित्तरंजन को एक आधिकारिक पत्र (पत्रांक संख्या: CRMC/NFIR/SM/Pay) प्रेषित किया। इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्य कार्मिक अधिकारी (CPO, CLW) को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

बैंक हड़ताल से उत्पन्न हो सकती है परेशानी

पत्र में यह उल्लेख किया गया है कि बैंक यूनियनों की हड़ताल के कारण बैंकों का सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित होने की संभावना है। महीने के अंतिम दिनों में बैंकिंग सेवाएं ठप होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

26 सितंबर तक वेतन क्रेडिट करने की मांग

  • सितंबर 2026 के वेतन बिल को त्वरित गति से प्रोसेस किया जाए।
  • संबंधित बैंकों को 26 सितंबर 2026 तक आवश्यक दस्तावेज और बिल अग्रेषित कर दिए जाएं।

CRMC का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय रहते यह कदम उठाए जाने से हजारों रेलकर्मियों और उनके परिवारों को हड़ताल के दौरान संभावित असुविधा और आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी।